तैयारी थी बियर बोतलों से सजे फुटपाथ : असामाजिक तत्वों के द्वारा किसी बड़े घटना को अंजाम देने की
बियर बोतलों से सजे फुटपाथ
दुर्ग जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। छावनी थाना से महज एक किलोमीटर और सीएसपी कार्यालय से आधा किलोमीटर की दूरी पर असामाजिक तत्वों ने सड़क किनारे बियर की खाली बोतलों को लाइन से सजा दिया। यह दृश्य परशुराम चौक से खुर्सीपार जाने वाले मार्ग पर आईटीआई के पास देखा गया। अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पुलिस की कार्यशैली और क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, इस हरकत के पीछे कुछ बदमाशों का हाथ है, जिन्होंने जानबूझकर शराब की बोतलें इस तरह सजाई हैं ताकि क्षेत्र में भय का माहौल बनाया जा सके या लड़ाई-झगड़े की स्थिति उत्पन्न की जा सके। इस मामले में छावनी सीएसपी हरीश पाटिल ने बताया कि संबंधित थाने को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस को घटना स्थल का एक वीडियो भी प्राप्त हुआ है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। यदि किसी संदिग्ध की पहचान होती है तो उस पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने यह भी स्वीकार किया है कि क्षेत्र में नियमित रूप से पेट्रोलिंग की जाती है, लेकिन कभी-कभी कुछ कारणों से इसमें कमी आ जाती है। उसी दौरान असामाजिक तत्वों ने इस कृत्य को अंजाम दिया। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को पकड़ने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
गौरतलब है कि हाल ही में दुर्ग जिले में विजय अग्रवाल ने नए एसपी के रूप में पदभार संभाला है। ऐसे में इस घटना को उनके लिए एक बड़ी चुनौती के रूप में देखा जा रहा है। अब देखना होगा कि पुलिस कितनी तेजी से बदमाशों को पकड़कर क्षेत्र में कानून व्यवस्था बहाल करती है।

विज्ञापन